spot_img
spot_img
HomeDehradunउत्तराखंड ने शुरू किया पैन-इंडिया टूरिज्म रोड शो,पर्यटन गंतव्य बनाने की पहल

उत्तराखंड ने शुरू किया पैन-इंडिया टूरिज्म रोड शो,पर्यटन गंतव्य बनाने की पहल

देहरादून/दिल्ली। देश में पहली बार उत्तराखंड ने अपने पर्यटन सामर्थ्य को संगठित, समन्वित और बहु-शहरी अभियान के रूप में प्रस्तुत करते हुए पैन-इंडिया एकीकृत रोड शो अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य राज्य को वर्षभर के 365-दिवसीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।
प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को दिल्ली स्थित एक स्थानीय होटल में उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित पैन-इंडिया ‘द ललित’ एकीकृत रोड शो का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर के ट्रैवल ट्रेड और पर्यटन उद्योग को उत्तराखंड के एडवेंचर, विंटर, वेलनेस, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और अनुभवात्मक पर्यटन उत्पादों से जोड़ा जा रहा है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में प्रारंभ किया गया है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को भविष्य के वेडिंग डेस्टिनेशन, स्पिरिचुअल मेगा सर्किट और इंटरनेशनल टूरिज्म गेटवे के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। यह रोड शो श्रृंखला पर्यटन निवेश, उद्योग सहयोग और पर्यटक आवागमन को कई गुना बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता उत्तराखंड को शीतकालीन पर्यटन का राष्ट्रीय केंद्र बनाना है, जहां स्कीइंग, स्नो ट्रैकिंग और विंटर फेस्टिवल्स को बढ़ावा दिया जाएगा।
श्री महाराज ने बताया कि जोशीमठ, औली और पांडुकेश्वर को विंटर चारधाम व सनशाइन टूरिज्म के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु वर्षभर दर्शन कर सकें। धारचूला से नेलांग घाटी तक स्नो लेपर्ड साइटिंग और नीति घाटी में अल्ट्रा रन जैसे आयोजन उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन साझेदारों के साथ मिलकर नए पैकेज और नए उत्पाद विकसित किए जाएंगे, जिससे उत्तराखंड ‘हर मौसम, हर यात्री’ के लिए प्रमुख पर्यटन राज्य बन सके।
पर्यटन सचिव धीराज सिंह गबर्याल ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री के उत्तराखंड को टूरिज्म कैपिटल ऑफ इंडिया बनाने के संकल्प और मुख्यमंत्री के राज्य को ईयर-राउंड डेस्टिनेशन बनाने के विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में निर्णायक कदम है। दिल्ली रोड शो से पर्यटन उद्योग में उत्साह देखने को मिला है और यह साबित हुआ है कि उत्तराखंड एक सुरक्षित, विविध और निवेश-सक्षम पर्यटन राज्य के रूप में तेजी से उभर रहा है।
रोड शो में उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर के 250 से अधिक पर्यटन उद्योग से जुड़े स्टेकहोल्डर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बी2बी मीटिंग्स, प्रश्नोत्तर सत्र, नेटवर्किंग लंच और वन-टू-वन बिजनेस एंगेजमेंट्स आयोजित किए गए। इस अवसर पर पर्यटन सचिव धीराज सिंह गबर्याल, अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रुहेला, जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, पद्मश्री अजीत बजाज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि और देश के प्रमुख टूर व ट्रैवल ऑपरेटर मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular