spot_img
spot_img
HomeDehradunबैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी समेत तीन...

बैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार

देहरादून, एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने बैरागीवाला हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन फरार अभियुक्तों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
बता दे कि 13 जून 2026 की शाम सहसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। गंभीर रूप से घायल तीनों को ग्रामीणों ने उपचार के लिए लेहमन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान विनोद कुमार की मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और घटना से दो-तीन दिन पहले भी खेत में पानी छोड़ने को लेकर कहासुनी हुई थी। मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में नामजद आरोपियों और 30-40 अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों और एसओजी को लगाया था। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने छह आरोपियों—रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज, इम्तियाज और इंतजार—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही थी। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी अमन अपने साथियों के साथ हरियाणा में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 2 जुलाई को यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल में छापा मारकर मुख्य आरोपी अमन के साथ उसके दो साथियों सावेज और आजम को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी तेजी से जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहसपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह नेगी, उपनिरीक्षक अशोक कुमार सहित सहसपुर पुलिस और एसओजी देहात के प्रभारी निरीक्षक खुशीराम पांडे के नेतृत्व में गठित टीम शामिल रही। लगातार की गई कार्रवाई के चलते पुलिस अब तक इस बहुचर्चित हत्याकांड में नौ आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफल रही है।
RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular