spot_img
spot_img
HomeDehradunकांवड़ मेला-2026 की तैयारियां तेज, हरिद्वार में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक, मुख्य सचिव...

कांवड़ मेला-2026 की तैयारियां तेज, हरिद्वार में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक, मुख्य सचिव ने दिए अहम निर्देश

हरिद्वार/देहरादून,आगामी 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल संचालन को लेकर उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड सहित उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, संचार व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सभी राज्यों ने साझा कार्ययोजना के तहत मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के प्रवेश स्थलों पर श्रद्धालुओं को यात्रा से जुड़े दिशा-निर्देश, सुरक्षा मानक और प्रतिबंधों की स्पष्ट जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी कांवड़ यात्रियों को वैध पहचान पत्र साथ रखने के लिए प्रेरित किया जाए तथा किसी भी प्रकार के हथियार या प्रतिबंधित सामग्री के साथ यात्रा में प्रवेश पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रमुख संतों और धार्मिक गुरुओं के संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि श्रद्धालु अनुशासन और सुरक्षा का पालन करते हुए यात्रा पूरी करें।

मुख्य सचिव ने यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं और अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग, डायवर्जन और यात्रा मार्गों की जानकारी देने के लिए पर्याप्त साइनेज लगाने पर भी जोर दिया।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेस-वे) का उपयोग कांवड़ यात्रा के लिए नहीं किया जाएगा। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना का तत्काल तथ्यात्मक खंडन किया जाए। इसके लिए सभी राज्यों के सोशल मीडिया सेल और साइबर इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों को भी विशेष ट्रेनें संचालित करने, रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) अभिनव कुमार और गृह सचिव शैलेश बगौली ने कांवड़ मेले की तैयारियों की जानकारी देते हुए सभी राज्यों से समन्वय बनाकर मेले को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सिस्टम पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों, रेलवे, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआरपीएफ, आरपीएफ, एनडीआरएफ सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक से पहले मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हर की पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड में मां गंगा की पूजा-अर्चना कर कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और निर्विघ्न आयोजन की कामना की।

RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular