बर्नीगाड़ में राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ, स्थायी भवन निर्माण जल्द शुरू करने की घोषणा
मिनी स्टेडियम और सड़क निर्माण को भी मिलेगी गति
देहरादून/उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्नीगाड़ में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु जनसेवा शिविर में क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 कार्यों का शिलान्यास और आठ कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ करने के साथ क्षेत्र में शिक्षा, सड़क और खेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी कई घोषणाएं भी कीं।
बर्नीगाड़ में खुलेगा उच्च शिक्षा का नया रास्ता
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन और परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल और सड़क निर्माण के पूर्व में घोषित कार्य को भी शीघ्र पूरा कराने की बात कही। इन घोषणाओं से क्षेत्र में उच्च शिक्षा, आवागमन और खेल सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।
सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने पर जोर
जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और उपकरण वितरित किए तथा अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और आम लोगों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रही है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
सड़क, पर्यटन और रोजगार को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्नीगाड़ क्षेत्र में जिन विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है, उनसे स्थानीय विकास को गति मिलेगी। सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क संपर्क, पर्यटन, शिक्षा और अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क तथा रोजगार से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
महिला सशक्तीकरण और युवाओं के रोजगार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के जरिए अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।
युवाओं के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उनके अनुसार, पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा, समान नागरिक संहिता, भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून सहित राज्य सरकार की विभिन्न पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, पूर्व विधायक मालचंद, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






