15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाली शिकायत का दावा,
स्कूल प्रबंधन पर मामले को दबाने और पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने के आरोप; कांग्रेस ने स्कूल के बाहर दिया धरना
देहरादून। राजधानी देहरादून के एक नामी निजी स्कूल में छात्रा से कथित छेड़छाड़ का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में छात्रा की मां की तहरीर पर डालनवाला थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। दूसरी ओर, स्कूल प्रबंधन पर शिकायतों की अनदेखी करने और पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने के आरोप लगाते हुए छात्र संगठनों और कांग्रेस ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। मामले में करीब 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाली शिकायत सामने आने के दावे ने विवाद को और गंभीर बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को पीड़ित छात्रा और उसकी मां ने स्कूल पहुंचकर शिक्षक के खिलाफ प्रबंधन से शिकायत की थी। परिवार का दावा है कि शिकायत पर 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे। परिजनों का आरोप है कि इससे पहले 15 अक्टूबर को भी शिक्षक के खिलाफ शिकायत की गई थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई करने के बजाय केवल आश्वासन दिया। इसके बाद शिकायत करने वाली छात्रा पर दबाव बनाए जाने और स्कूल निदेशक की ओर से अमर्यादित व्यवहार किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की पहल के बाद दर्ज हुई एफआईआर
मामले में जिला प्रशासन की ओर से गठित चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने छात्रा और उसके परिजनों से संपर्क किया। सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी के अनुसार, शुरुआत में सामाजिक परिस्थितियों के चलते परिवार शिकायत दर्ज कराने को लेकर हिचक रहा था। कमेटी की काउंसलिंग के बाद पीड़िता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा स्कूल की जिम्मेदारी है और कोई भी अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकता।
एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने 23 अक्टूबर को ही मामले का संज्ञान लिया था। महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता से बातचीत की थी। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की प्रक्रिया के तहत काउंसलिंग और पूछताछ के बाद छात्रा की मां की तहरीर पर डालनवाला थाने में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
स्कूल के बाहर हंगामा, कांग्रेस ने भी खोला मोर्चा
मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। वहीं, उत्तराखंड कांग्रेस के पीसीसी सदस्य एवं प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।
विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि यदि 15 छात्राओं ने लिखित शिकायत की थी तो स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। शिकायतों की अनदेखी करना या बच्चों पर दबाव बनाने की कोशिश बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस प्रकरण को दबाने की किसी भी कोशिश का विरोध करेगी। पीड़ित परिवार ने आरोपी शिक्षक की बर्खास्तगी और स्कूल निदेशक से सभी बच्चों के सामने सार्वजनिक माफी मांगने की मांग भी की है।
आरोपी शिक्षक ने सोशल मीडिया पर रखा पक्ष
उधर, आरोपी शिक्षक ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनके 25 साल के शिक्षण करियर में पहली बार इस तरह के आरोप लगे हैं। उनका कहना है कि वह सभी बच्चों के साथ अपने बेटे-बेटियों जैसा व्यवहार करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी बच्चे को लगता है कि उनसे कोई गलती हुई है तो वह उसके लिए क्षमा मांगते हैं।
फिलहाल शिक्षक निलंबित है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि पहले दी गई शिकायतों पर स्कूल प्रबंधन ने क्या कार्रवाई की थी और छात्राओं की शिकायतों को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
बड़ा सवाल यह है कि यदि स्कूल प्रबंधन को पहले ही शिकायत मिल गई थी तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले संस्थान की जवाबदेही भी अब जांच के दायरे में है।






