विपक्ष की अंदरूनी खींचतान पर साधा निशाना,
लैंसडाउन विधायक ने कांग्रेस की नेतृत्व व्यवस्था पर उठाए सवाल,
एक ही पार्टी में कई दावेदार, लेकिन नेतृत्व और जिम्मेदारी को लेकर तस्वीर साफ नहीं,
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। अब लैंसडाउन से भाजपा विधायक महंत दिलीप रावत ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए उसे ‘एक फूल तीन माली’ करार दिया है। उनके इस बयान को कांग्रेस के भीतर नेतृत्व की खींचतान और अलग-अलग नेताओं की दावेदारी पर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है।
दिलीप रावत का यह तंज ऐसे समय आया है, जब प्रदेश कांग्रेस में बड़े नेताओं के बयानों और राजनीतिक सक्रियता को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं। भाजपा विधायक ने अपने अंदाज में कांग्रेस की स्थिति पर सवाल उठाते हुए संकेत दिया कि पार्टी में नेतृत्व और फैसलों को लेकर एकराय नहीं है। एक तरफ कांग्रेस सरकार को घेरने में जुटी है, तो दूसरी तरफ पार्टी के भीतर ही कई नेताओं की अपनी-अपनी भूमिका और दावेदारी दिखाई दे रही है।
कांग्रेस के लिए भाजपा का सियासी संदेश
दिलीप रावत का ‘एक फूल तीन माली’ वाला तंज केवल एक राजनीतिक टिप्पणी नहीं, बल्कि कांग्रेस की एकजुटता पर सीधा हमला माना जा रहा है। भाजपा लगातार कांग्रेस पर आरोप लगाती रही है कि प्रदेश में विपक्षी दल के पास सरकार के खिलाफ कोई स्पष्ट नेतृत्व और ठोस रणनीति नहीं है। ऐसे में दिलीप रावत ने भी इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस को निशाने पर लिया।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर भी दिलीप रावत कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को चुनौती दे चुके हैं। उन्होंने हरक सिंह रावत के समर्थन में गोदियाल को धारी देवी मंदिर में सौगंध खाने की चुनौती दी थी।
2027 से पहले तेज होगी जुबानी जंग
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल एक-दूसरे को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते। कांग्रेस जहां अंकिता भंडारी हत्याकांड, बेरोजगारी, महंगाई और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेर रही है, वहीं भाजपा नेता कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति और नेतृत्व को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
अब दिलीप रावत के ‘एक फूल तीन माली’ वाले बयान ने सियासी बहस को और हवा दे दी है। देखना होगा कि कांग्रेस इस तंज का जवाब किस अंदाज में देती है।
सियासत में सवाल अब यही है—कांग्रेस के इस फूल की माली कौन-कौन हैं और 2027 की चुनावी बगिया में नेतृत्व की कमान आखिर किसके हाथ होगी?






