हरक सिंह रावत ने किया अभियान का शुभारंभ
भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलना शुरू कर दिया है। प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और जनविरोधी नीतियों के आरोप लगाते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के जरिए कांग्रेस आम जनता को सरकार के खिलाफ लामबंद करने और प्रदेशभर में जनसमर्थन जुटाने की तैयारी में है।
गुरुवार को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार अपने कार्यकाल में जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है।
हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड की वर्तमान भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और कुशासन के आरोपों से घिरी हुई है। प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास के साथ भाजपा को सत्ता सौंपी थी, सरकार उस विश्वास पर खरी नहीं उतर पाई। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा बेरोजगारी से परेशान है, महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ रखी है और भ्रष्टाचार के साथ बिगड़ती कानून व्यवस्था लोगों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। कांग्रेस जनता के अधिकारों और प्रदेश के भविष्य की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से आम नागरिकों की आवाज को एकजुट कर सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई जाएगी।
वहीं, कांग्रेस के महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अव्यवस्थाओं और जनहित की अनदेखी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे प्रदेश की जनता में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के बुनियादी सवालों का जवाब देने के बजाय अपनी विफलताओं को छिपाने में लगी हुई है। कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करेगा। उन्होंने इस अभियान को लोकतांत्रिक आंदोलन बताते हुए कार्यकर्ताओं से इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के चलते जनता का विश्वास कमजोर हुआ है। मुख्यमंत्री और मंत्रियों की जवाबदेही तय होना जरूरी है। कांग्रेस अब इस मुद्दे को केवल राजनीतिक मंचों तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि आम जनता के बीच जाकर हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनसमर्थन जुटाएगी।
डॉ. गोगी ने बताया कि महानगर कांग्रेस इस अभियान को देहरादून के प्रत्येक वार्ड, ब्लॉक और मंडल तक पहुंचाएगी। अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़कर प्रदेश सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक जनता को जवाबदेही और पारदर्शी शासन का भरोसा नहीं मिलता।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, पार्षदों, वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने की अपील की। कांग्रेस का कहना है कि हस्ताक्षर अभियान के जरिए जनता की समस्याओं और सरकार के खिलाफ असंतोष को एक मंच पर लाया जाएगा।
हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत के साथ ही कांग्रेस ने साफ संकेत दे दिए हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई और जनसमस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाकर सियासी लड़ाई तेज की जाएगी।






