spot_img
spot_img
HomeDehradunदेहरादून के विकास कार्यों की सीएम ने की समीक्षा

देहरादून के विकास कार्यों की सीएम ने की समीक्षा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय के मंथन सभागार में देहरादून जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों में बिजली, पानी, गैस सहित सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखते हुए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी को ठोस कार्ययोजना बनाकर ही कार्यों की अनुमति देने और आंतरिक सड़कों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर व अन्य दस्तावेजों के नियमित सत्यापन और फर्जी दस्तावेज निरस्त करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही जिला प्रशासन, वन विभाग, एमडीडीए और नगर निगम को अतिक्रमण के खिलाफ निरंतर कार्रवाई के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि नियमित विकास कार्यों के साथ नवाचार आधारित योजनाओं को भी प्राथमिकता दी जाए। सड़क और कॉरिडोर परियोजनाओं से शहर की कनेक्टिविटी में सुधार हुआ है, जिसे भविष्य की जरूरतों के अनुसार और गति दी जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने, शीतकाल में महिलाओं व बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता बरतने, रैन बसेरों व अलाव की समुचित व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, रात्रिकालीन गश्त और नशा मुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने कार्यों में तेजी और साइबर अपराध पर नियंत्रण की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी सविन बंसल ने जिले में विकास कार्यों की प्रगति, दस्तावेज सत्यापन, अतिक्रमण हटाने और प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular