spot_img
spot_img
HomeDehradunसीएम धामी ने किया माल्टा मिशन की भी घोषणा

सीएम धामी ने किया माल्टा मिशन की भी घोषणा

राजकीय उद्यान सर्किट हाउस गढ़ीकैंट में शनिवार को उत्तराखंड माल्टा महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने माल्टा मिशन शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि दिल्ली में भी राज्य की ओर से माल्टा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी गीता पुष्कर धामी के साथ विभिन्न जनपदों के माल्टा और नींबू प्रजाति के फलों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इनसे बने उत्पादों का स्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माल्टा उत्तराखंड की पहचान और परंपरा से जुड़ा है। राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में बागवानी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पहले से ही एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी पहलों के माध्यम से किसानों को प्रोत्साहित कर रही है और अब इसी तर्ज पर माल्टा के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए माल्टा मिशन शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में माल्टा व गलगल के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया गया है। बागान लगाने पर 50 प्रतिशत अनुदान, सूक्ष्म सिंचाई पर 70-80 प्रतिशत अनुदान और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों पर 60 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इसके साथ ही महक क्रांति के तहत सुगंधित पौधों की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल के माल्टा उत्पादक हरीश के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य किसानों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि माल्टा जैसे स्थानीय फलों के उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन से किसानों को सीधे लाभ मिलेगा और आने वाले पांच वर्षों में उत्तराखंड देश में अग्रणी औद्यानिकी राज्यों में शामिल होगा।
इस अवसर पर सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी कैलाश पंत, प्रताप सिंह पंवार और सचिव कृषि डॉ. एस.एन. पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular