देहरादून। राजधानी में महज 600 रुपये की लूट के लिए एक व्यक्ति की जान लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दो नशे के आदी आरोपियों ने पहले व्यक्ति को निशाना बनाया, फिर उसके साथ मारपीट कर 600 रुपये लूट लिए। विरोध के दौरान उसे सड़क पर धक्का दे दिया गया। सड़क पर गिरने से लगी अंदरूनी चोटें उसकी मौत का कारण बनीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों अशरफ उर्फ काला और सफदर को गिरफ्तार कर लिया है।
72 घंटे तक नहीं हुई मृतक की पहचान
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर 2026 की सुबह कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सेवला खुर्द स्थित राजा रानी वेडिंग पॉइंट के पास एक व्यक्ति सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखकर शिनाख्त के प्रयास किए गए। पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान पुलिस के हाथ अहम सुराग लगा। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति मृतक के पीछे जाते दिखाई दिए। कुछ दूरी पर उनमें से एक व्यक्ति मृतक के साथ मारपीट करता और उसे सड़क पर धक्का देता नजर आया। इसके बाद दोनों आरोपी वहां से चले गए। कुछ समय बाद वे दोबारा मौके पर लौटे और सड़क पर पड़े व्यक्ति को देखकर वहां से फरार हो गए। फुटेज से यह स्पष्ट हुआ कि व्यक्ति की मौत से पहले उसके साथ मारपीट और लूटपाट की गई थी।
100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज किए। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के इलाकों और आने-जाने वाले रास्तों के कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। इसके साथ ही 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। मुखबिर से मिली सूचना और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
शराब के ठेकों के आसपास तलाशते थे शिकार
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए लूटपाट करते थे। इसके लिए वे शराब के ठेकों के आसपास घूमते रहते थे और अत्यधिक नशे में घर लौट रहे लोगों पर नजर रखते थे। ऐसे लोगों का पीछा कर सुनसान जगह पर उनसे रुपये और अन्य सामान छीनने की कोशिश करते थे। आरोपियों को लगता था कि नशे की हालत में व्यक्ति उनका विरोध नहीं कर पाएगा और वारदात के बाद उनकी पहचान भी नहीं हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात दोनों आरोपी आईएसबीटी क्षेत्र में शराब के ठेके के पास मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें मृतक नशे की हालत में जाता दिखाई दिया। दोनों ने उसका पीछा किया और सेवला खुर्द क्षेत्र में सुनसान स्थान देखकर उसे रोक लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट कर 600 रुपये छीन लिए। इसी दौरान धक्का लगने से व्यक्ति सड़क पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। आरोपी कुछ देर बाद दोबारा मौके पर पहुंचे तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए।
गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
कोतवाली पटेलनगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों अशरफ उर्फ काला और सफदर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों और सीसीटीवी फुटेज को विवेचना का हिस्सा बनाया गया है।






