spot_img
spot_img
HomeDehradunनीट पर सदन से भागने के बजाय बहस में भाग लें राहुल...

नीट पर सदन से भागने के बजाय बहस में भाग लें राहुल : सुबोध उनियाल

नीट पर सदन से भागने के बजाय बहस में भाग लें राहुल : सुबोध उनियाल

कांग्रेस दोहरी राजनीति से देश का माहौल खराब कर रही है, भाजपा का आरोप

देहरादून, भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर नीट परीक्षा और छात्रों के मुद्दों को लेकर संसद में चर्चा से बचने का आरोप लगाया है। पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राहुल गांधी को सदन से बाहर जाने के बजाय बहस में भाग लेना चाहिए, क्योंकि सरकार हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार है।

सुबोध उनियाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी दोहरी राजनीति कर देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते रहे, फिर नीट पर चर्चा की मांग की गई, लेकिन जब संसद में चर्चा का अवसर आया तो कांग्रेस बहस से दूर चली गई।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में लगातार चुनावी पराजय के कारण कांग्रेस नेतृत्व बौखलाहट की स्थिति में है और अब विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय नकारात्मक राजनीति कर रहा है। उनके अनुसार नेता प्रतिपक्ष के पद पर बैठे व्यक्ति को तथ्यों के आधार पर सरकार से सवाल पूछने चाहिए, न कि ऐसे आरोप लगाने चाहिए जिनसे भ्रम और सनसनी फैले।

छात्रों को उकसाने का लगाया आरोप

उनियाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान राहुल गांधी ने युवाओं को उकसाने का काम किया और प्रधानमंत्री सहित अन्य नेताओं के लिए अभद्र भाषा का उपयोग किया। उन्होंने कहा कि संसद में 15 दिनों तक गतिरोध पैदा करने के बाद जब सरकार नीट पर चर्चा के लिए तैयार हुई, तब कांग्रेस ने बहाना बनाकर चर्चा में हिस्सा नहीं लिया।

उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी द्वारा छात्र आंदोलन के दौरान गोली चलने संबंधी बयान देना बेहद गंभीर और निंदनीय है। उनके अनुसार इस तरह के बयान संसदीय गरिमा और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं हैं।सरकार ने संवेदनशीलता से कार्रवाई की : उनियाल

सुबोध उनियाल ने कहा कि नीट से जुड़े पूरे मामले को केंद्र सरकार ने गंभीरता और संवेदनशीलता से लिया। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा दोबारा कराई गई, परिणाम घोषित किए गए, शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया और नकल रोकने के लिए सख्त कानून बनाया गया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने भी नकल विरोधी कठोर कानून लागू करने में अग्रणी भूमिका निभाई थी। झारखंड का मुद्दा भी उठाया

कैबिनेट मंत्री ने झारखंड में छात्रों के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस सत्ता में साझेदार है, वहां छात्रों के साथ हुए व्यवहार पर पार्टी चुप है, जबकि अन्य राज्यों के मुद्दों पर वह खुद को छात्रों का हितैषी बताने का प्रयास करती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक परंपराओं और संवाद की राजनीति में विश्वास करती है तथा समस्याओं का समाधान चर्चा के माध्यम से होना चाहिए। उनके अनुसार राहुल गांधी और कांग्रेस संसद की कार्यवाही बाधित कर तथा लगातार नए आरोप लगाकर केवल सनसनी फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच जाए कांग्रेस

सुबोध उनियाल ने कहा कि यदि कांग्रेस को लगता है कि उसके पास मुद्दे हैं तो उसे संसद और लोकतांत्रिक मंचों पर बहस करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाकर अपनी राजनीतिक जमीन वापस पाने का प्रयास कर रही है, जबकि देश की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है।

प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular