spot_img
spot_img
HomeDehradunसीएम धामी के निर्देश पर एफडीए का बड़ा अभियान, दूध-पनीर समेत कई...

सीएम धामी के निर्देश पर एफडीए का बड़ा अभियान, दूध-पनीर समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

देहरादून के होटलों और रेस्टोरेंटों में छापेमारी, खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर तीन प्रतिष्ठान बंद

देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) विभाग ने राजधानी देहरादून में मिलावटखोरी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट और दुग्ध प्रतिष्ठानों में सघन निरीक्षण कर दूध, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन के चलते तीन रेस्टोरेंटों को मौके पर ही बंद करा दिया गया।

एफडीए आयुक्त विनय शंकर पांडे के निर्देश पर विभागीय टीमों ने होटल मधुवन, जेएसआर और फाइव स्टार होटल सरोवर पोर्टिको सहित कई प्रतिष्ठानों के किचन और स्टोर का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य सामग्री के स्रोत, खरीद के बिल, बैच नंबर, निर्माण तिथि, पैकेजिंग और लेबलिंग की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान स्टोर में रखी पैक्ड इमली की लेबलिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर निर्माता को नोटिस जारी किया गया। वहीं तैयार दाल के दो और चीज का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।

राजपुर रोड स्थित वन विभाग कार्यालय के बाहर संचालित रेस्टोरेंटों में भी छापेमारी की गई। यहां दो रेस्टोरेंटों के किचन में अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियां मिलने पर उन्हें सुधार होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए। एक प्रतिष्ठान से खुले पनीर का नमूना लिया गया, जबकि दूसरे प्रतिष्ठान में वैध खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं था। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर राजीव पुत्र दरवारी लाल, गढ़वाल भोजनालय और लजीज काठी रोल नामक तीन रेस्टोरेंटों को मौके पर बंद कराया गया।

इसके अलावा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने नेहरू ग्राम और छह नंबर पुलिया क्षेत्र के दुग्ध प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। संदेह के आधार पर एक दूध और एक पनीर का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एफडीए आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से दूध, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों पर निगरानी बढ़ाई गई है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रह और अभियान की सतत समीक्षा के निर्देश दिए हैं। अभियान में अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी, उपायुक्त गढ़वाल मंडल राजेंद्र रावत, सहायक आयुक्त मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, संतोष कुमार सिंह और संजय तिवारी सहित विभागीय टीमें शामिल रहीं।

RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular