पिछले वर्ष की तुलना में साढ़े चार लाख से अधिक यात्रियों की बढ़ोतरी; बदरीनाथ धाम में सर्वाधिक 16.12 लाख श्रद्धालु पहुंचे
देहरादून, उत्तराखंड में लगातार सक्रिय मानसून, भूस्खलन और मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद चारधाम यात्रा इस वर्ष नया रिकॉर्ड बनाने की ओर अग्रसर है। प्रदेश सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा का संचालन नियंत्रित और आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी रूप से रोककर कर रही है, लेकिन तीर्थयात्रियों की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। यात्रा के 114 दिनों में ही चारधाम दर्शनार्थियों की संख्या 47 लाख के पार पहुंच चुकी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 4.68 लाख अधिक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानसून की सक्रियता को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जा सके। भूस्खलन या अन्य आपदा की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री स्वयं राज्य आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से यात्रा और आपदा प्रबंधन की लगातार निगरानी कर रहे हैं। चारों धामों और प्रमुख यात्रा पड़ावों पर यात्रियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों और आपदा राहत टीमों की तैनाती भी बढ़ाई गई है।
पिछले वर्ष से 4.68 लाख अधिक श्रद्धालु
इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का शुभारंभ हुआ था। 10 अगस्त तक यात्रा के 114 दिनों में कुल 47,02,703 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। जबकि वर्ष 2025 की समान अवधि में यह संख्या 42,34,147 थी। इस प्रकार इस बार अब तक 4,68,556 अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं।
बदरीनाथ में सबसे अधिक श्रद्धालु
अब तक चारों धामों में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बदरीनाथ धाम सबसे आगे है। यहां 16,12,112 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा केदारनाथ धाम में 14,50,116, गंगोत्री धाम में 7,37,629 और यमुनोत्री धाम में 6,62,347 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। वहीं हेमकुंड साहिब में भी 2,40,499 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका है।
खराब मौसम के बावजूद यात्रा जारी
लगातार खराब मौसम और प्रशासनिक अलर्ट के बावजूद 10 अगस्त को भी 15,376 श्रद्धालु चारधाम दर्शन के लिए पहुंचे। इनमें सर्वाधिक 9,559 श्रद्धालु बदरीनाथ धाम, 4,170 केदारनाथ, 1,204 गंगोत्री और 443 यमुनोत्री धाम पहुंचे।
बदरीनाथ यात्रा में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
भगवान बदरी विशाल के दर्शनों को लेकर श्रद्धालुओं में इस वर्ष विशेष उत्साह देखा जा रहा है। 23 अप्रैल से शुरू हुई बदरीनाथ यात्रा ने 10 अगस्त को 110 दिन पूरे कर लिए हैं। इस अवधि में 16,12,112 श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 3,50,192 अधिक है। वर्ष 2025 में 110 दिनों के दौरान बदरीनाथ धाम में 12,61,280 श्रद्धालु पहुंचे थे।
सरकार का मानना है कि बेहतर आपदा प्रबंधन, त्वरित राहत व्यवस्था, यात्रा मार्गों की निगरानी और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यापक व्यवस्थाओं के कारण चारधाम यात्रा लगातार नए कीर्तिमान की ओर बढ़ रही है।






