रिस्पना रिवरफ्रंट और इको पार्क का भी होगा विकास, 2.74 करोड़ रुपये होंगे खर्च,
डीएम आशीष चौहान ने अधिकारियों को दिए निर्देश
देहरादून, राजधानी देहरादून के सहस्रधारा रोड स्थित आईटी पार्क क्षेत्र में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से अब स्थायी निजात मिलने की उम्मीद जगी है। जिला प्रशासन ने इस समस्या के वैज्ञानिक और दीर्घकालिक समाधान के लिए करीब 38 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की है। इसके साथ ही राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के जीर्णोद्धार, कैनाल, रिवरफ्रंट और इको पार्क के विकास की भी योजना बनाई गई है। इन परियोजनाओं पर करीब 2.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में संबंधित विभागों और विशेषज्ञों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईटी पार्क क्षेत्र के ड्रेनेज सिस्टम और रिस्पना नदी के सौंदर्यीकरण से जुड़ी कार्ययोजनाओं का विस्तृत तकनीकी प्रस्तुतीकरण किया गया। विशेषज्ञों ने क्षेत्र का सर्वेक्षण करने के बाद जलभराव की समस्या के समाधान के लिए तैयार किए गए प्रस्तावों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए तैयार करीब 38 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का समाधान केवल अस्थायी इंतजामों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसके लिए क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक जल निकासी मार्गों और वर्षा जल के प्रवाह का वैज्ञानिक आकलन करते हुए स्थायी व्यवस्था विकसित की जाए।
रिस्पना रिवरफ्रंट और इको पार्क पर खर्च होंगे 2.74 करोड़
बैठक में राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की योजना पर भी चर्चा हुई। इसके तहत नदी के कैनाल, रिवरफ्रंट और इको पार्क को विकसित किया जाएगा। इस पूरी परियोजना पर करीब 2.74 करोड़ रुपये खर्च होने का प्रस्ताव है। जिलाधिकारी ने इसके लिए जिला योजना और जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) फंड से धनराशि स्वीकृत कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने और परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा।
विशेषज्ञों ने तकनीकी सर्वे के आधार पर तैयार किया प्लान
गौरतलब है कि आईटी पार्क क्षेत्र में लंबे समय से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती रही है। इसके चलते स्थानीय लोगों के साथ-साथ आईटी पार्क में संचालित विभिन्न संस्थानों और वहां आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर सिंचाई विभाग के माध्यम से विशेषज्ञ कंसल्टेंसी को तकनीकी सर्वेक्षण की जिम्मेदारी दी गई थी।
इसी क्रम में एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रतिनिधियों ने ड्रेनेज सिस्टम और रिस्पना नदी के जीर्णोद्धार से संबंधित प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण किया। इसमें जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्राकृतिक जल प्रवाह को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तकनीकी उपायों की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनों परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए, ताकि आईटी पार्क क्षेत्र को जलभराव की समस्या से राहत मिलने के साथ रिस्पना नदी के संरक्षण और क्षेत्र के पर्यावरणीय विकास को भी गति मिल सके।






